बद्रीनाथ धाम से प्रदेश सरकार पर बरसे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
अंकिता भंडारी प्रकरण, केदारनाथ सोना प्रकरण और बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, विभिन्न धार्मिक स्थलों से शुरू हुई ‘न्याय यात्रा’
चमोली। उत्तराखंड में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों से ‘न्याय यात्रा’ की शुरुआत की। इसी क्रम में बद्रीनाथ धाम पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर तीखे जुबानी हमले किए। उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस ने अंकिता भंडारी प्रकरण, केदारनाथ सोना प्रकरण और बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।

बद्रीनाथ धाम पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने सबसे पहले भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद पिछले दस दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने और क्रमिक अनशन पर बैठे बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उनके आंदोलन को समर्थन दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कर्मचारियों के अनशन में शामिल होकर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे मंदिर समिति के पूर्व में पारित प्रस्तावों और संबंधित नियमों के आधार पर अपनी मांग सरकार के सामने रखें। गोदियाल ने कहा कि केदारनाथ उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्मचारियों के मामले में जो घोषणा की थी, उसे उन्हें याद दिलाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह भी मुख्यमंत्री के सामने इस विषय को उठाएंगे।
इसके बाद बद्रीनाथ मंदिर के सिंहद्वार पर माणा गांव की महिलाओं और ग्रामीणों के साथ भगवान बद्री विशाल के जयकारे लगाए गए और भजन गाते हुए मंदिर से प्लाजा तक रैली निकाली गई। रैली में माणा गांव के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार और अन्याय के आरोप
बद्रीनाथ धाम के प्रांगण से प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि राज्य में जनता के साथ अन्याय हो रहा है और अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए संबंधित वीआईपी को बड़े पदों पर नियुक्त किए जाने पर सवाल उठाए।
गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में सरकारी जमीनों, बेरोजगारी और नौकरियों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के आरोपों और केदारनाथ सोना प्रकरण का जिक्र करते हुए धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच जाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने ‘न्याय यात्रा’ शुरू की है। पार्टी का कहना है कि यात्रा के माध्यम से प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को उठाया जाएगा और जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाई जाएगी।
पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों से शुरू हुई न्याय यात्रा
कांग्रेस ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों से न्याय यात्रा शुरू की। इसके तहत कुमाऊं क्षेत्र में अल्मोड़ा के गोलज्यू मंदिर, गढ़वाल क्षेत्र में बद्रीनाथ धाम, देहरादून में टपकेश्वर मंदिर, टिहरी में सेम मुखेम मंदिर और हरिद्वार में हरकी पैड़ी से यात्रा की शुरुआत की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘ईश्वर के दर से जनता के दर तक’ पहुंचने के उद्देश्य से शुरू की गई यह यात्रा अंकिता भंडारी प्रकरण, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, बेरोजगारी, जंगली जानवरों से किसानों को हो रही परेशानी और धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों जैसे मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी।
विधायक लखपत बुटोला बोले- जनता के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ यात्रा
बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर लोगों के साथ अन्याय होने के मुद्दे सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम से शुरू की गई न्याय यात्रा का उद्देश्य इन मुद्दों को उठाना और जनता को न्याय दिलाने की मांग करना है।
बुटोला ने अंकिता भंडारी प्रकरण, पेपर लीक के मामलों और जंगली जानवरों से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि यदि लोगों को न्याय नहीं मिलता है तो जनता बदलाव की मांग करेगी।
बद्रीनाथ धाम में आयोजित न्याय यात्रा और कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुरेश डिमरी,प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व प्रमुख जोशीमठ प्रकाश रावत , महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, ज्योतिर्मठ ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, थराली नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी गोविंद सजवान,सतीश डिमरी, विक्रम फर्स्वाण, मिथलेश, बलदेव मेहता, पीताम्बर मोल्फा, निश्चय मेहता, देव सिंह परमार, रघुवीर सिंह परमार, राजेंद्र सिंह मोल्फा, गायत्री देवी, भुवनेश्वरी देवी, रुक्मणी देवी सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





