चमोली में एलपीजी की कमी की अफवाह बेबुनियाद, गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध : डीएम गौरव कुमार

Web Editor
2 Min Read

चमोली में एलपीजी की कमी की अफवाह बेबुनियाद, गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध : डीएम गौरव कुमार

चमोली, 11 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इज़रायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर घरेलू गैस (एलपीजी) की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने आपूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों से जिले में उपलब्ध एलपीजी स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को हो रही आपूर्ति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए कुछ स्थानों पर गैस आपूर्ति को लेकर अनावश्यक अफवाहें फैल रही हैं, लेकिन चमोली जिले में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक संदेशों से सावधान रहें।

उन्होंने उपभोक्ताओं से पैनिक बुकिंग से बचने और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल बुक करने की अपील की, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि गैस एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर एलपीजी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, जिससे हर उपभोक्ता को समय पर गैस मिल सके।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *