सीएम हेल्पलाइन 1905 की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश

Web Editor
2 Min Read

सीएम हेल्पलाइन 1905 की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश

चमोली, बुधवार।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बुधवार को सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की। बैठक में 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की नियमित साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को हेल्पलाइन मोबाइल ऐप डाउनलोड कर शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पर्याप्त कार्रवाई के शिकायतों को फोर्स क्लोज न किया जाए। इस संबंध में विभागाध्यक्ष की संस्तुति अनिवार्य होगी। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक किया जाना आवश्यक होगा।

जिलाधिकारी ने विभागाध्यक्ष स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर फीडबैक लेने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुझाव एवं डिमांड को शिकायतों की श्रेणी से पृथक रखने को भी कहा।

उन्होंने बताया कि जनपद में मुख्य रूप से सड़क निर्माण में देरी, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की समस्याएं तथा आपदा मुआवजे से संबंधित शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं। इनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि एक ओर मूलभूत सुविधाओं का विकास हो और दूसरी ओर आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान भी हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ सर्वेश दुबे, डीडीओ के.के. पंत, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *