केदारनाथ में चोरी, बद्रीनाथ में वारदात की साजिश नाकाम,चमोली पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का किया भंडाफोड़।
चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का चमोली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो केदारनाथ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद बद्रीनाथ में बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 13 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें आईफोन और सैमसंग के हाई-एंड मॉडल शामिल हैं।
गोपनीय सूचना से खुला राज
थाना बद्रीनाथ पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गिरोह स्नान घाटों और मंदिर परिसर जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सक्रिय है और श्रद्धालुओं का ध्यान भटकाकर उनके कीमती सामान चोरी कर रहा है।
इसी बीच 27 अप्रैल 2026 को पौड़ी गढ़वाल निवासी नरेश चन्द्र ने शिकायत दर्ज कराई कि बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान उनके दस्तावेज और नकदी चोरी हो गई। इस पर कोतवाली बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर बनी एंटी थेफ्ट टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष एंटी थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया गया। टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी।
हनुमान चट्टी में घेराबंदी, 13 महंगे फोन बरामद
पुलिस ने हनुमान चट्टी के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध वाहनों को रोका। तलाशी में बरामद हुआ:
- 07 आईफोन
- 03 Samsung S24 Ultra
- 01 OnePlus 10R
- 01 Redmi Note 13
- 01 Realme 13 Pro
इसके अलावा आरोपियों के पास से ₹58,860 नकद भी बरामद हुआ।

पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त KIA और TATA Nexon कारों को भी सीज कर दिया है।
केदारनाथ से चोरी, बद्रीनाथ था अगला निशाना
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद सभी मोबाइल फोन केदारनाथ धाम से चोरी किए गए थे। इनमें से एक iPhone 15 Pro Max के संबंध में थाना सोनप्रयाग (रुद्रप्रयाग) में पहले से मुकदमा दर्ज है।
गिरोह के सदस्य केदारनाथ में वारदात करने के बाद बद्रीनाथ में भी बड़े स्तर पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया।
गिरफ्तार आरोपी
- कृष्ण कुमार (भटिंडा, पंजाब)
- दिया (भटिंडा, पंजाब)
- सुनील कुमार (भरतपुर, राजस्थान)
- ललित कुमार (अलवर, राजस्थान)
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
चमोली पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मोबाइल खोने वालों के लिए जरूरी सूचना
जिन श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन खो गए हैं, वे थाना सोनप्रयाग या कोतवाली बद्रीनाथ में बिल या अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने मोबाइल की पहचान कर सकते हैं और आवश्यक प्रक्रिया के बाद उसे प्राप्त कर सकते हैं।



