जनगणना कार्य में तेजी लाएं, समयबद्ध लक्ष्य हर हाल में पूरा करें : जिलाधिकारी

Web Editor
2 Min Read

जनगणना कार्य में तेजी लाएं, समयबद्ध लक्ष्य हर हाल में पूरा करें : जिलाधिकारी

चमोली। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के तहत चल रहे हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जनपद में प्रशिक्षित प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर आवश्यक सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। इस कार्य को 24 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में लगभग 44 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को जनपद में कार्यरत 1204 प्रगणकों एवं 172 सुपरवाइजरों की दैनिक प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। जहां भी लापरवाही पाई जाए, वहां तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें और प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक और उपयोगी बन सकें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *