मौसम बदलाव पर चमोली पुलिस अलर्ट, चारधाम यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
चमोली: जनपद में मौसम के अचानक बदलते मिजाज को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। चारधाम यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार ने बताया कि खराब मौसम और संभावित भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जनपद सीमा से लेकर बद्रीनाथ धाम तक संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। यात्रियों को सुरक्षित मार्गदर्शन देने के लिए विभिन्न स्थानों पर चेतावनी और सूचना संबंधी साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर 25 पुलिस बाइक तैनात की गई हैं, जिनमें करीब 50 पुलिस जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। ये टीमें यातायात व्यवस्था और यात्रियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखते हुए हर स्थिति की जानकारी वायरलेस सेट के माध्यम से कंट्रोल रूम तक पहुंचा रही हैं।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक जोखिम से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।



