74.23 करोड़ की जिला योजना को मंजूरी, चमोली में विकास और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न, कृषि, पशुपालन और स्वरोजगार पर विशेष जोर
गोपेश्वर । जनपद चमोली के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने के उद्देश्य से रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में जिला योजना की बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रभारी मंत्री का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 74 करोड़ 23 लाख 70 हजार रुपये की वार्षिक जिला योजना को अनुमोदित किया गया। प्रभारी मंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को योजना में शामिल किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना जनपद के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक के दौरान लोक निर्माण, पेयजल, कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सिंचाई, उरेड़ा, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण, स्वास्थ्य, उद्योग, पंचायती राज, शिक्षा एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि योजनाओं को क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण के साथ लागू किया जाए तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर समन्वय से आमजन तक अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही अधूरे एवं गतिमान कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कृषि एवं उद्यान पर विशेष फोकस
किसानों को सब्सिडी पर आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु चैन लिंक फेंसिंग को प्राथमिकता देने तथा कीवी उत्पादन के लिए बड़े क्लस्टर विकसित करने के निर्देश दिए गए।
पशुपालन और स्वरोजगार को बढ़ावा
पशुपालन को पहाड़ों की अर्थव्यवस्था का “गेम चेंजर” बताते हुए इस क्षेत्र में प्रभावी कार्य करने, ऑर्गेनिक फार्मिंग को बढ़ावा देने तथा बेहतर नस्ल के पशुओं को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया। साथ ही मत्स्य पालन, डेयरी एवं सहकारिता को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
संतुलित विकास पर जोर
जिला योजना को भौतिक, सामाजिक एवं आजीविका सहित चार प्रमुख क्षेत्रों में संतुलित रूप से विभाजित किया गया है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, ऊर्जा जैसी आधारभूत सुविधाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई है।
विभागवार बजट आवंटन
लोक निर्माण विभाग – 6.25 करोड़
राजकीय सिंचाई – 5.80 करोड़
लघु सिंचाई – 2.80 करोड़
पेयजल – 7.60 करोड़
पर्यटन – 5.10 करोड़
कृषि – 4.80 करोड़
उद्यान – 5.05 करोड़
पशुपालन – 3.65 करोड़
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी के अनुसार, योजना में 51.91% राशि नए कार्यों, 31.22% वचनबद्ध मद एवं 16.87% स्वरोजगार योजनाओं के लिए निर्धारित की गई है।
बैठक में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, राज्य मंत्री हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत सहित जनप्रतिनिधि एवं सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



