टीएचडीसीआईएल की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ
पीपलकोटी/चमोली, 18 मई 2026: टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (THDCIL) की विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के साथ किया गया। यह पखवाड़ा 16 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
पखवाड़े के प्रथम दिवस 16 मई को अलकनंदापुरम परिसर, सियासैंण (पीपलकोटी) स्थित सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत परिसर के प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता संदेश प्रदर्शित कर कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों एवं आगंतुकों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में 18 मई को वीपीएचईपी परिसर में स्वच्छता शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (वीपीएचईपी) अजय वर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, अनुशासित कार्यसंस्कृति एवं सतत विकास की आधारशिला है। उन्होंने सभी से स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (डैम) आर.पी. मिश्रा, महाप्रबंधक (ईएम) आर.एस. राणा, अपर महाप्रबंधक (प्लानिंग एवं सेफ्टी) बी.एस. पुंडीर, अपर महाप्रबंधक (पीएच) एस.पी. डोभाल, अपर महाप्रबंधक (सीओ/टाउनशिप) ओ.पी. आर्य, अपर महाप्रबंधक (जी एंड जी) अजय कुमार, उप महाप्रबंधक (क्यूसी) एस.सी. भट्ट, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) कमल नौटियाल एवं वरिष्ठ प्रबंधक (मा.सं. एवं प्रशा.) वी.डी. भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्वच्छता रैली, हस्ताक्षर अभियान, जागरूकता कार्यक्रम एवं जनसहभागिता आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्वच्छता के प्रति व्यापक जन-जागरूकता विकसित की जा सके।



