चमोली: विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, पर्यावरण योद्धाओं का सम्मान, ‘बड़ाग’ लघु फिल्म का विमोचन

Web Editor
4 Min Read

 

चमोली: विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, पर्यावरण योद्धाओं का सम्मान, ‘बड़ाग’ लघु फिल्म का विमोचन

चमोली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को गोपेश्वर स्थित घिंघराण रोड वन पंचायत परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता में प्रकृति संरक्षण की परंपरा प्राचीन काल से रही है। वर्ष 1972 के स्टॉकहोम सम्मेलन से पहले ही हमारे पूर्वज जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को जीवन का आधार मानते आए हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “Inspired by Nature, for Climate, For Our Future” का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक चुनौती बन चुका है। ऐसे में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग जरूरी है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भी पर्यावरण संरक्षण में पुलिस विभाग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वनाग्नि जैसी घटनाओं की रोकथाम में जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं की तुरंत सूचना प्रशासन को दें और जागरूकता फैलाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वन केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की साझा धरोहर हैं। जंगल स्वच्छ वायु, जल स्रोतों का संरक्षण, जैव विविधता और आजीविका के साधन प्रदान करते हैं, इसलिए इनके संरक्षण में सभी की भागीदारी जरूरी है। साथ ही वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर वनाग्नि नियंत्रण के दौरान कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले फायर वॉचर स्वर्गीय राजेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान केदारनाथ वन प्रभाग द्वारा वनाग्नि रोकथाम एवं जनजागरूकता पर आधारित लघु फिल्म “बड़ाग” का विमोचन भी किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।

इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता और जैव विविधता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चंद्रकला बिष्ट, सुशीला सेमवाल, सुनील पुंडीर, सुनील बिष्ट, आशीष, मानश्वी पुंडीर, गंभीर बिष्ट, ललिता देवी, शशि रावत, नीरज थपलियाल सहित कई पर्यावरण प्रहरियों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, वन संरक्षक नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व पंकज कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी प्रियंका सुंडली एवं सर्वेश कुमार दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *