दून विश्वविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम ‘युवा संवाद’ का आयोजन

Web Editor
4 Min Read

दून विश्वविद्यालय में दीक्षारंभ कार्यक्रम ‘युवा संवाद’ का आयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय लाइब्रेरी, स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज के भवन और कम्युनिटी रेडियो 88.4 FM का किया उद्घाटन

देहरादून। दून विश्वविद्यालय में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में दीक्षारंभ कार्यक्रम ‘युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी, स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज के नवनिर्मित भवन तथा दून विश्वविद्यालय कम्युनिटी रेडियो 88.4 FM का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी का नाम भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, विधायक विनोद चमोली एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया और राज्य के शैक्षिक एवं सामाजिक विकास में विश्वविद्यालय की सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

- Advertisement -
Ad imageAd image

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नए भवनों और कम्युनिटी रेडियो के शुभारंभ पर विश्वविद्यालय को बधाई दी। उन्होंने विश्वविद्यालय के बेहतर भविष्य के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें स्कूल ऑफ लैंग्वेज के स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी, जापानी और अंग्रेजी भाषा विभागों में यूजीसी के मानकों के अनुरूप शैक्षणिक पदों की स्वीकृति शामिल है। साथ ही कम्युनिटी रेडियो के संचालन के लिए समन्वयक और तकनीकी सहायक के कुल दो पदों पर नियुक्ति को भी मंजूरी देने की घोषणा की।

विद्यार्थियों की परिवहन संबंधी समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय को दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की सहमति भी दी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से देश के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने और बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और शोध के क्षेत्र में विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य में शोध और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

- Advertisement -
Ad imageAd image

‘युवा संवाद’ के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्किल डेवलपमेंट, दूरस्थ क्षेत्रों में नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना, रोजगार के अवसर, मानसिक स्वास्थ्य एवं काउंसलिंग, रोड सेफ्टी और ट्रैफिक व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उनके सवालों का जवाब दिया और कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शोध संस्थानों को बढ़ावा देने के साथ भविष्य में नए संस्थानों की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए ऐसा मॉडल तैयार किया जाना चाहिए, जिसमें इकोनॉमी और इकोलॉजी के बीच संतुलन बना रहे। साथ ही उन्होंने युवाओं से भविष्य में होने वाले तेज बदलावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि विधायक विनोद चमोली ने दून विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित अर्बन मैनेजमेंट कोर्स में सिटी मैनेजमेंट विषय को और बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इस पहल से भविष्य में ऐसे कुशल प्रबंधक तैयार होंगे, जो राज्य और शहरों के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अकादमिक ज्ञान के साथ आध्यात्मिक रूप से भी मजबूत बनने का आह्वान किया।

- Advertisement -
Ad imageAd image

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव दुर्गेश डिमरी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. एच.सी. पुरोहित ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *