चमोली: संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान
गोपेश्वर। जनपद चमोली में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देवाल ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम खेता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्रीमती कलावती देवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री प्रकाश राम के सहयोग से एडवोकेसी गतिविधियों के तहत लाभार्थियों को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने गांव का भ्रमण कर गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल में ही डिलीवरी कराने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे इजा बोई शगुन योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, डोली पालकी योजना एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी हेली एंबुलेंस योजना की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इनका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में जिला सूचना शिक्षा एवं संचार समन्वयक उदय सिंह रावत, ब्लॉक कार्यक्रम मैनेजर ललित जुयाल, बीसीएम आशा कार्यक्रम से जुड़ी श्रीमती सीता देवी, आशा कार्यकर्ता मोहिनी देवी, मनमती एवं मानूली देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस तरह के जागरूकता अभियानों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलेगी और अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जा सकेगा।


