नाबालिगों की जान से खिलवाड़ पड़ा भारी: ज्योतिर्मठ पुलिस की सख्ती, स्कूटी सीज, अभिभावक पर ₹25 हजार का चालान

Web Editor
2 Min Read

नाबालिगों की जान से खिलवाड़ पड़ा भारी: ज्योतिर्मठ पुलिस की सख्ती, स्कूटी सीज, अभिभावक पर ₹25 हजार का चालान

ज्योतिर्मठ (चमोली)।सड़क सुरक्षा को लेकर चमोली पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में कोतवाली ज्योतिर्मठ क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा नियमों की अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है।

कोतवाली ज्योतिर्मठ प्रभारी देवेन्द्र रावत के नेतृत्व में कस्बा ज्योतिर्मठ में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोका और दस्तावेजों की जांच की तो तीनों युवक नाबालिग पाए गए।

जांच में यह भी सामने आया कि न तो किसी के पास ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही किसी ने हेलमेट पहना हुआ था, जो यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूटी को सीज कर दिया।

नाबालिग द्वारा वाहन चलाए जाने के मामले में वाहन चालक के अभिभावक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199 के तहत ₹25,000 का कोर्ट चालान किया गया। अभिभावक को थाने बुलाकर नाबालिग को उनके सुपुर्द किया गया तथा काउंसलिंग करते हुए भविष्य में नाबालिग को वाहन न देने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाने के मामलों में वाहन सीज किए जाने के साथ-साथ तीन वर्ष तक की सजा का भी प्रावधान है, जिसे लेकर आमजन को जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है।

इस संबंध में एसपी चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा—

अपने बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है। नाबालिगों को वाहन देना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह उनके जीवन के लिए भी बड़ा खतरा है। अभिभावक अपनी जिम्मेदारी निभाएं, यातायात नियमों का पालन कराएं और बच्चों को सुरक्षित भविष्य दें।चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!