हरिद्वार–ऋषिकेश हाईवे पर भीषण हादसा: मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई वाहन टकराए, आग लगने से महिला समेत दो की मौत

Web Editor
2 Min Read

हरिद्वार–ऋषिकेश हाईवे पर भीषण हादसा: मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई वाहन टकराए, आग लगने से महिला समेत दो की मौत

हरिद्वार। हरिद्वार–ऋषिकेश हाईवे पर स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में कई वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद कुछ वाहनों में आग लग गई। हादसे में एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली मोतीचूर फ्लाईओवर के पास पहुंची ही थी कि इसी दौरान एक ट्रक, दो कार और एक बस आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जिसकी पहचान कुसुम निवासी बिजनौर के रूप में बताई जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक दुर्घटना में एक बच्चे की भी जान चली गई।

पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने के कारण वाहनों की आपस में भिड़ंत हुई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

फिलहाल पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात को सामान्य कराने का काम शुरू कर दिया है, जबकि घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *