जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी मंत्री का किया भव्य स्वागत, चारधाम यात्रा तैयारियों पर हुई समीक्षा
चमोली, 19 अप्रैल 2026 : जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने रविवार को जनपद आगमन पर प्रदेश के प्रभारी एवं ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी का स्वागत किया। इस अवसर पर चारधाम यात्रा एवं बद्रीनाथ धाम की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
गढ़वाल मंडल विकास निगम, पीपलकोटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को माँ नंदा देवी राजजात यात्रा का मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमेड़ा, नंदप्रयाग, भनेरपानी, पागलनाला सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा से पूर्व प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही प्रभारी मंत्री ने बद्रीनाथ धाम सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पार्किंग निर्माण के लिए ठोस योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्ताव, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत,उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, एसीएमओ वैभव कृष्णा, आपदा प्रबंधन अधिकारी एन.के. जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


