चमोली में शिक्षा का परचम: बेटियों का शानदार प्रदर्शन, तृप्ति डिमरी ने जिले में किया टॉप
चमोली । में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणामों ने इस वर्ष भी उत्कृष्ट सफलता की नई कहानी लिखी है। छात्र-छात्राओं के शानदार प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
पीएम श्री राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ की छात्रा तृप्ति डिमरी ने 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया है। इतना ही नहीं, उन्होंने पूरे उत्तराखंड में 11वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

ज्योतिर्मठ के रविग्राम वार्ड की निवासी तृप्ति की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और क्षेत्र में हर्ष की लहर है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार तृप्ति शुरू से ही मेधावी रही हैं और उनकी सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा उनकी कड़ी मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वहीं, टैगोर इंटर कॉलेज विनायक धार, पोखरी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया है। विद्यालय का हाईस्कूल परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम 98 प्रतिशत दर्ज किया गया।
हाईस्कूल परीक्षा में छात्रा श्रुति ने 92.8 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश स्तर पर 24वां स्थान प्राप्त किया, जिससे विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
इसके अलावा, गोपेश्वर स्थित सुबोध प्रेमविद्या मंदिर स्कूल का परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष भट्ट ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय ने उत्कृष्ट परिणाम दिए हैं, जो शिक्षकों की मेहनत, अनुशासन और विद्यार्थियों के समर्पण का परिणाम है।
जनपद में आए इन शानदार परीक्षा परिणामों से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण बना है और अन्य छात्र-छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिल रही है।


