चमोली नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन: 75 किमी दौड़ में दिगंबर कुंवर और मीनाक्षी बने चैंपियन
चमोली । सीमांत नीति घाटी में आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ में 75 किलोमीटर की सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण दौड़ में दिगंबर कुंवर और मीनाक्षी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आए धावकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

इस भव्य आयोजन का शुभारंभ काबीना मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और युवाओं में फिटनेस को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

पुरुष वर्ग में दिगंबर कुंवर ने मात्र 5 घंटे 15 मिनट में 75 किमी की दौड़ पूरी कर पहला स्थान अपने नाम किया। कठिन ट्रैक और प्रतिकूल मौसम के बावजूद उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। दिगंबर इससे पहले भी आदि कैलाश, ओम पर्वत और दिल्ली मैराथन जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में प्रथम स्थान हासिल कर चुके हैं।

वहीं, महिला वर्ग में मीनाक्षी ने 6 घंटे 33 मिनट में दौड़ पूरी कर जीत दर्ज की। ऊंचाई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच उनका संतुलन और धैर्य सराहनीय रहा। मीनाक्षी भी आदि कैलाश, ओम पर्वत और दिल्ली मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।

रिमखिम-नीति-मलारी रूट पर आयोजित इस 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में कुल 117 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें देश के 28 राज्यों से कुल 933 प्रतिभागी शामिल हुए हैं।तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को पहचान दिलाना और युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना है।



