चमोली: नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग पर शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, जनता मिलन में 40 शिकायतें दर्ज

Web Editor
3 Min Read

चमोली: नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग पर शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, जनता मिलन में 40 शिकायतें दर्ज

चमोली, गोपेश्वर (सोमवार): जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार, गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण हेतु सौंपा गया।

जनता मिलन कार्यक्रम में सिरण गांव की निवासी लीला देवी ने गांव के संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को मनरेगा के तहत मार्ग निर्माण कराने तथा अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई को आवश्यकतानुसार नहर निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं, नंदानगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने छुपलागाड़ में जमा मलबे को हटाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चमोली को एक सप्ताह के भीतर रिवर ड्रेजिंग कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

नंदानगर निवासी अवतार सिंह एवं राजेंद्र सिंह ने विस्थापन संबंधी समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार चमोली को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए जिला विकास अधिकारी एवं स्वजल विभाग को पूरे मार्ग पर पर्याप्त शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा रणजीत सिंह, गुमान सिंह, संदीप सहित अन्य फरियादियों की शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *