उफनती अलकनंदा के बीच इंसानियत की मिसाल बनी चमोली पुलिस
नदी के बीच फंसे बुजुर्ग के शव का जोखिम भरा रेस्क्यू, परिजनों ने जताया आभार
चमोली । पीपलकोटी क्षेत्र में चमोली पुलिस ने साहस और मानवता की मिसाल पेश करते हुए उफनती अलकनंदा नदी के बीच फंसे एक बुजुर्ग के शव को सुरक्षित बाहर निकाला।
चौकी पीपलकोटी को सूचना मिली कि अलकनंदा नदी के तेज बहाव के बीच एक शव फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
जांच में शव की पहचान रुद्र सिंह राणा (85 वर्ष), निवासी कोड़िया, जनपद चमोली के रूप में हुई। शव नदी के बीच तेज धारा में फंसा हुआ था, जहां पहुंचना बेहद जोखिम भरा था।
विषम परिस्थितियों और तेज बहाव के बावजूद पुलिस टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। इसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई।
इस संवेदनशील और कठिन कार्य के लिए स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने चमोली पुलिस का आभार जताया। परिजनों ने कहा कि पुलिस ने जिस समर्पण और मानवता के साथ अपना कर्तव्य निभाया, वह सराहनीय और हमेशा याद रखने योग्य है।



