टीएचडीसीआईएल का 39वां स्थापना दिवस विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना में धूमधाम से मनाया गया

Web Editor
3 Min Read

टीएचडीसीआईएल का 39वां स्थापना दिवस विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना में धूमधाम से मनाया गया

पीपलकोटी, चमोली |

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) का 39वां स्थापना दिवस विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) में उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से निगम की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और देश के ऊर्जा क्षेत्र में उसके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया।

समारोह की शुरुआत 12 जुलाई 2026 को अलकनंदापुरम परिसर में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम से हुई। कार्यपालक निदेशक (वीपीएचईपी) अजय वर्मा ने टीएचडीसीआईएल का संगठनात्मक ध्वज फहराया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

13 जुलाई 2026 को आयोजित मुख्य समारोह में टीएचडीसीआईएल के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में स्थित निगम की विभिन्न इकाइयों के कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह अवसर निगम की उपलब्धियों, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है। उन्होंने पिछले एक वर्ष में जलविद्युत, तापीय, सौर और पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं में हासिल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

- Advertisement -
Ad imageAd image

प्रबंध निदेशक ने विशेष रूप से 444 मेगावाट विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की प्रगति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद परियोजना टीम ने सिविल और विद्युत-यांत्रिक कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जो पूरे निगम के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक अजय वर्मा ने परियोजना परिवार को संबोधित करते हुए कहा कि 1988 में स्थापित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड आज देश के अग्रणी केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि निगम स्वच्छ, हरित और सतत ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने परियोजना की प्रगति का श्रेय सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदाकारों, परामर्शदाताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और क्षेत्रीय समुदाय के सहयोग को दिया। साथ ही विश्वास जताया कि सभी के निरंतर सहयोग और टीम भावना से परियोजना समयबद्ध रूप से पूर्ण होकर राष्ट्र को समर्पित की जाएगी।

- Advertisement -
Ad imageAd image

समारोह का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड का प्रसिद्ध संगीत समूह ‘देवभूमि रिदम्स’ रहा। श्री दीपक मैठाणी के नेतृत्व में कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊँनी, जौनसारी, सूफी और बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा वातावरण संगीतमय हो उठा और उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और सतत विकास के प्रति टीएचडीसीआईएल की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए तथा निगम को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

 

- Advertisement -
Ad imageAd image
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *