चमोली | तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार, वाहनों की आवाजाही सुचारु

Web Editor
2 Min Read

चमोली । तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार, वाहनों की आवाजाही सुचारु

तमक नाले में युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का कार्य पूरा, दूसरे दिन भी लापता व्यक्ति की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

 

चमोली । नीती घाटी में भारी बारिश के चलते तमक नाला उफान पर आने से कुछ ही दिनों पहले तैयार हूआ 4 करोड़ की लागत से बना वैली ब्रिज बह गया था, जिससे जोशीमठ-नीती मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। 123 RCC और जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के त्वरित प्रयासों से अब मार्ग को अस्थाई रूप से बहाल कर वाहनों की आवाजाही सुचारु कर दी गई है।

तमक नाले में 123 RCC ने ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किया गया। प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें लगातार मौके पर जुटी रहीं और युद्धस्तर पर कार्य करते हुए मार्ग को आवागमन के लिए तैयार किया गया। अस्थाई मार्ग तैयार होने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।

वहीं, वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता हुए bro के जवान की तलाश में दूसरे दिन भी सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। नदी तटों सहित आसपास के संभावित स्थानों पर लापता व्यक्ति की गहनता से तलाश की जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा घटनास्थल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम और तमक नाले के जलस्तर को देखते हुए रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौके पर तैनात अधिकारियों एवं टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि अस्थाई मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतें और मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *