गोपेश्वर में पुलिस का एक्शन मोड, गलियों में पैदल गश्त तो ड्रोन से निगरानी; नशेड़ियों और हुड़दंगियों पर रहेगी नजर
आमजन और व्यापार मंडल से मिले सुझावों के बाद पुलिस ने तेज की निगरानी, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलाया विशेष अभियान
गोपेश्वर (चमोली)। नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और युवाओं को गलत गतिविधियों से दूर रखने के लिए गोपेश्वर पुलिस ने गश्त और निगरानी तेज कर दी है। थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन सायंकालीन पैदल गश्त अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने गलियों, सुनसान रास्तों, प्रमुख चौराहों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी की। वहीं, संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से भी नजर रखी गई।
पुलिस की यह पहल आमजन और व्यापार मंडल के साथ आयोजित बैठक में सामने आई समस्याओं और सुझावों के बाद की गई। अभियान के तहत पूरे नगर को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर पुलिस टीमें तैनात की गईं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
संदिग्ध स्थानों पर निगरानी, युवाओं से पूछताछ

गश्त के दौरान पुलिस ने ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया, जहां युवाओं के समूहों में एकत्र होने और नशे जैसी गतिविधियों की आशंका रहती है। संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्र मिले युवाओं से पूछताछ कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने, हुड़दंग मचाने और महिलाओं एवं छात्राओं पर फब्तियां कसने जैसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी।
इसके साथ ही युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने और अपने भविष्य के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।
नशे की सामग्री बेचने वाली दुकानों की भी जांच

अभियान के दौरान पुलिस ने नशे की सामग्री बेचने वाली दुकानों की जांच कर प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पर निगरानी रखी। इसके अलावा युवाओं के वाहनों की भी चेकिंग की गई। पुलिस का उद्देश्य नशे से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है।
पुलिस की चेतावनी, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
गोपेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नगर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने, महिलाओं से अभद्रता करने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, नगर में पैदल गश्त और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य गोपेश्वर को सुरक्षित बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना और विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।






