देहरादून के समर वैली स्कूल में हड़कंप, 15 छात्राओं ने फिजिक्स टीचर पर लगाए अश्लील हरकतों के आरोप
11वीं की छात्रा की मां ने स्कूल प्रबंधन पर शिकायत दबाने और बेटी पर दबाव बनाने का लगाया आरोप, हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित समर वैली स्कूल में छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्राओं ने भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) के शिक्षक पर गलत तरीके से छूने और अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। मामले में करीब 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली लिखित शिकायत दिए जाने का दावा किया गया है। शुक्रवार को छात्रा और उसकी मां के स्कूल पहुंचने के बाद हंगामे की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
15 अक्टूबर को प्रधानाचार्य को दी गई थी शिकायत
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित छात्रा की मां का आरोप है कि शिक्षक पिछले करीब डेढ़ महीने से उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे। छात्रा ने अपनी कक्षा की अन्य छात्राओं के साथ भी इसी तरह का व्यवहार होने की बात कही थी। इसके बाद छात्रा ने कथित तौर पर एक लिखित शिकायत तैयार की, जिस पर 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे।
छात्रा की मां के मुताबिक, उन्होंने 15 अक्टूबर को स्कूल की प्रधानाचार्य को शिकायत सौंपी थी। उनका दावा है कि उस समय बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया था।
छात्रा को कार्यालय में बुलाने पर बढ़ा विवाद
छात्रा और उसकी मां ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया कि शिकायत के बाद छात्रा को प्रधानाचार्य के कार्यालय में बुलाया गया, जहां उससे शिक्षक के कथित व्यवहार के बारे में सवाल किए गए।
छात्रा का आरोप है कि स्कूल के निदेशक ने उसके आरोपों पर सवाल उठाए और उससे यह तक कहा कि शिक्षक ने उसे किस तरह छुआ, यह करके दिखाए। छात्रा और उसकी मां ने इस बातचीत को अपमानजनक बताते हुए आरोप लगाया कि शिकायत को कमजोर करने और छात्रा पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया।

स्कूल पहुंचने पर हुआ हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति
शुक्रवार को छात्रा की मां अपनी बेटी के साथ मामले को लेकर स्कूल पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि स्कूल परिसर में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा और शिकायत से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इसी दौरान स्कूल का मुख्य गेट बंद किए जाने और पुलिस बुलाए जाने की बात भी सामने आई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले को लेकर छात्रा के परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बीच बातचीत की गई।
स्कूल प्रबंधन का दावा- शिक्षक को कर दिया गया था निलंबित
इस मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य सोनू कुंद्रा ने मीडिया को बताया कि 15 अक्टूबर को शिकायत प्राप्त हुई थी और मामले की जांच के बाद 16 अक्टूबर को संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था। प्रधानाचार्य ने मामले को लेकर आगे विवाद किए जाने पर भी सवाल उठाए।
स्कूल प्रबंधन का यह बयान छात्रा की मां के उस आरोप से अलग है, जिसमें उन्होंने कार्रवाई नहीं होने और शिकायत को दबाने की कोशिश किए जाने की बात कही है।
डालनवाला कोतवाली के प्रभारी विनोद गुसाईं के अनुसार, स्कूल में हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहीं, देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा गया है। स्कूल प्रबंधन के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में छात्रा और उसके परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।





