विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, चमोली में ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच संपन्न

Web Editor
3 Min Read

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, चमोली में ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच संपन्न

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने किया वेयरहाउस का निरीक्षण, 1 और 2 नवंबर को राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगा मॉकपोल

चमोली। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद चमोली में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। विकास भवन, गोपेश्वर के सामने स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियरों ने जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार मशीनों की जांच की। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को वेयरहाउस का निरीक्षण कर जांच कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक निर्वाचन से पहले ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच कराना अनिवार्य है। निर्वाचन प्रक्रिया में केवल जांच में सफल और प्रमाणित मशीनों का ही उपयोग किया जाता है।

- Advertisement -
Ad imageAd image

जनपद के कुल 633 मतदान केंद्रों के लिए 1,130 बैलेट यूनिट (बीयू), 1,250 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 1,294 वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच पूरी कर ली गई है।

एफएलसी के बाद मशीनों की कार्यक्षमता और तकनीकी विश्वसनीयता परखने के लिए 1 और 2 नवंबर 2026 को मॉकपोल कराया जाएगा। यह प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रेंडमली चयनित मशीनों पर संपन्न होगी। इसके लिए कुल मशीनों में से 5 प्रतिशत मशीनों का चयन किया जाएगा।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, चयनित मशीनों में से 1 प्रतिशत पर 1,200 वोट, 2 प्रतिशत पर 1,000 वोट और शेष 2 प्रतिशत मशीनों पर 500-500 वोट डालकर मॉकपोल किया जाएगा। इसके माध्यम से मशीनों की कार्यक्षमता, मतों की रिकॉर्डिंग और वीवीपैट की विश्वसनीयता का परीक्षण किया जाएगा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से मॉकपोल प्रक्रिया में अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राजनीतिक दलों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

- Advertisement -
Ad imageAd image

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *