पंच केदार–पंच बद्री धामों में शीतकालीन यात्रा की सुरक्षा, शिवरात्रि मेले की तैयारियों एवं सत्यापन प्रक्रिया को लेकर एसपी चमोली का मैदानी निरीक्षण

पंच केदार–पंच बद्री धामों में शीतकालीन यात्रा की सुरक्षा, शिवरात्रि मेले की तैयारियों एवं सत्यापन प्रक्रिया को लेकर एसपी चमोली का मैदानी निरीक्षण
चमोली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखण्ड में शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के दूरदर्शी विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा जनपद के पंच बद्री–पंच केदार क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख धार्मिक स्थलों कल्पेश्वर महादेव (पंच केदार), ध्यान बद्री एवं भविष्य बद्री (पंच बद्री) मंदिरों में पहुँचकर सुरक्षा व्यवस्था, यात्रा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा पुलिस तैनाती की जमीनी स्थिति का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक सर्वप्रथम कल्पेश्वर महादेव मंदिर पहुँचे, जो पंच केदारों में पाँचवाँ एवं अंतिम केदार होने के साथ-साथ वर्षभर श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खुला रहने वाला एकमात्र केदार है। मंदिर परिसर में पहुँचने पर मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद नेगी एवं समिति के सदस्यों द्वारा उनका पारंपरिक स्वागत किया गया।
यहां
आगामी शिवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल मेले को लेकर व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मंदिर परिसर में निवासरत साधु–महात्माओं से संवाद करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
वर्तमान में उर्गम घाटी की ओर ट्रैकर्स, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए तथा क्षेत्र में संचालित हो रहे होम-स्टे को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी उर्गम को निर्देशित किया कि सभी होम-स्टे संचालक निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कर्मचारियों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन एवं बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा ध्यान बद्री मंदिर पहुँचकर दर्शन किए गए तथा वहां भी यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान हेलंग से उर्गम तक निर्माणाधीन नवीन सड़क मार्ग का अवलोकन करते हुए सड़क पर संभावित दुर्घटना स्थलों को चिन्हित कर चेतावनी बोर्ड एवं संकेतक लगाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की यात्रा सुरक्षित बनी रहे।
इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा पंच बद्री में सम्मिलित भविष्य बद्री मंदिर (ज्योतिर्मठ से लगभग 17 किलोमीटर दूर) पहुँचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मंदिर परिसर में पुजारी अतुल डिमरी एवं अन्य से भेंट कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं पुलिस सहयोग से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान चारधाम यात्रा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण पड़ाव हेलंग स्थित पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, व्यवस्थाओं एवं यात्रियों की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का गहन अवलोकन किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेन्द्र रावत, चौकी प्रभारी भूपेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



