85वें ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड की भागीरथी बिष्ट ने जीता गोल्ड

Web Editor
2 Min Read

85वें ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड की भागीरथी बिष्ट ने जीता गोल्ड

उत्तराखंड : चमोली जिले की होनहार धाविका भागीरथी बिष्ट ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और जनपद का नाम रोशन किया है। कर्नाटक के मेंगलोर में आयोजित 85वीं ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025–26 के तहत हाफ मैराथन (21 किमी) दौड़ में भागीरथी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

12 से 16 जनवरी तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विश्वविद्यालयों के शीर्ष धावकों ने भाग लिया। बुधवार को आयोजित हाफ मैराथन स्पर्धा में चमोली जिले के वाण गांव की 24 वर्षीय भागीरथी बिष्ट ने 1 घंटा 21 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, उत्तराखंड की ही माया (पिथौरागढ़) ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का दबदबा कायम रखा।

उत्तराखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के एथलीटों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। भागीरथी की जीत से चमोली जनपद के साथ-साथ देवाल क्षेत्र में भी खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों, खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी इस उपलब्धि पर बधाइयाँ दी हैं।

कोच ने सराही रणनीति और धैर्य

भागीरथी के कोच, अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक सुनील शर्मा (सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) ने बताया कि हाफ मैराथन में भागीरथी ने बेहतरीन रणनीति, धैर्य और स्टैमिना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि भागीरथी इससे पहले ईरान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं और देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कई मैराथन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर चुकी हैं।

फ्लाइंग गर्ल’ का ओलंपिक सपना

‘फ्लाइंग गर्ल’ के नाम से पहचानी जाने वाली भागीरथी बिष्ट वर्तमान में रासी स्टेडियम, पौड़ी में कड़ा अभ्यास कर रही हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में ओलंपिक खेलों में मैराथन दौड़ में भारत के लिए पदक जीतना है और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!