चमोली: मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, 155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाएं
गोपेश्वर/चमोली ।
जनपद को बुधवार को बड़ी विकास सौगात मिली। पुष्कर सिंह धामी ने गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में कुल 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की लागत से 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। चमोली जनपद धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस दौरान जोशीमठ-नीति मार्ग पर स्टील ट्रस पुल, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं सुधार, बाढ़ सुरक्षा कार्य, पशु चिकित्सालय, स्कूल भवन, पार्किंग और सामुदायिक भवन जैसी कई योजनाओं की शुरुआत की गई। वहीं, कई सड़कों के अपग्रेडेशन, अस्पतालों में भवन निर्माण, खेल सुविधाओं और पर्यटन से जुड़े कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



