चमोली: पोखरी में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, खंड विकास अधिकारी को लगाई कड़ी फटकार

Web Editor
3 Min Read

चमोली: पोखरी में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, खंड विकास अधिकारी को लगाई कड़ी फटकार

चमोली जनपद के पोखरी में मंगलवार देर शाम प्रशासनिक महकमों में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उपजिलाधिकारी कार्यालय, न्यायालय और खंड विकास कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत पोखरी न्याय पंचायत किमोठ में आयोजित शिविर के बाद जिलाधिकारी सीधे विभिन्न कार्यालयों का जायजा लेने पहुंच गए। अचानक हुए निरीक्षण से कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

उपजिलाधिकारी कार्यालय और न्यायालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अनुभागों का बारीकी से परीक्षण किया। उपजिलाधिकारी कार्यालय और न्यायालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने संतुष्टि व्यक्त की। न्यायालय में लंबित वादों की स्थिति, फाइलों के निस्तारण और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी गहन समीक्षा की गई।

खंड विकास कार्यालय में मिलीं खामियां, बीडीओ को फटकार

वहीं खंड विकास कार्यालय पोखरी के निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने पटलों से जुड़े कार्यों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी को मौके पर ही फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यालयाध्यक्ष का मुख्य उद्देश्य व्यवस्थाओं में सुधार लाना होता है। यदि कोई व्यवस्था नियमों के विरुद्ध या सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही है तो उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने खंड विकास कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए शासकीय कार्यों को पारदर्शी और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के सख्त निर्देश दिए।

भूमि चयन और राजस्व वसूली पर निर्देश

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को तहसील परिसर में कर्मचारी आवास, गैराज और अन्य निर्माण कार्यों के लिए भूमि चयनित कर शीघ्र रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया।

उन्होंने दो टूक कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, समयपालन और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं होगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अबरार अहमद, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, तहसीलदार जितेंद्र रावत सहित तहसील एवं खंड विकास कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!