चारधाम यात्रा 2026: कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बद्रीनाथ हाईवे का लिया जायजा, लैंडस्लाइड जोन में तेजी के निर्देश

Web Editor
3 Min Read

चारधाम यात्रा 2026: कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बद्रीनाथ हाईवे का लिया जायजा, लैंडस्लाइड जोन में तेजी के निर्देश

चमोली, 19 अप्रैल 2026

चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर सरकार पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग भरत सिंह चौधरी ने रविवार को जनपद चमोली में स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंत्री ने कमेड़ा से बद्रीनाथ धाम तक बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कमेड़ा, नंदप्रयाग, पागलनाला, भनेरपानी और टंगड़ी जैसे संवेदनशील लैंडस्लाइड जोन में एनएचआईडीसीएल द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इन क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर कार्य तेज करने, अतिरिक्त मशीनरी और मैनपावर तैनात करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बीआरओ को मारवाड़ी के आगे हाथीपहाड़ क्षेत्र सहित अन्य क्षतिग्रस्त स्थानों पर सड़कों के त्वरित सुधारीकरण के निर्देश दिए गए। वहीं पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को बद्रीनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान कार्यों को तय समय में पूरा करने और गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने कहा कि यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा को तुरंत दूर किया जाए और संभावित आपदा स्थलों पर पूर्व तैयारी के साथ सतर्कता बरती जाए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

इस दौरान उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों के चलते उत्पन्न एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर कार्य कर रही है, ताकि यात्रा के दौरान आवश्यक सेवाएं बाधित न हों।

निरीक्षण के दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत, एसडीएम जोतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ एनएचआईडीसीएल के जीएम शादाब इमाम, पीआईयू (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल, बीआरओ के अधिशासी अभियंता केटी राव, एसडीएम कर्णप्रयाग सोहन सिंह रागण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!