अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, सलियावाला धौलास में 8 से 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

 

देहरादून में एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई

सलियावाला धौलास में 8 से 10 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

देहरादून | 05 जनवरी 2025

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख़्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सलियावाला, धौलास क्षेत्र में लगभग 8 से 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।

यह कार्रवाई एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देशों और संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेशों के अनुपालन में की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित भूमि पर बिना स्वीकृत लेआउट और निर्धारित मानकों के विपरीत प्लॉटिंग की जा रही थी, जिस पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

इस मौके पर मौजूद रही प्रवर्तन टीम और पुलिस बल

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता सुरजीत सिंह रावत, अवर अभियंता हर्षित मौठानी, संबंधित सुपरवाइज़र एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कार्रवाई शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई गई।

अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ आगे भी सख़्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि भूमि खरीदने या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें।

नागरिकों को किया जा रहा जागरूक

प्राधिकरण अधिकारियों ने कहा कि अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से लोग अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में डाल देते हैं। जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। बार-बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी का बयान

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत और जनहित में की जा रही है। हमारा उद्देश्य सुनियोजित विकास और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख़्त से सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति या क्षेत्र विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी मामलों में समान रूप से कार्रवाई की जा रही है।

सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया का बयान

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्रवर्तन टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के मामलों में ध्वस्तीकरण, सीलिंग और नोटिस की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है और कानूनी प्रावधानों का पालन किया जा रहा है। आम जनता से अपील है कि किसी भी निर्माण से पहले प्राधिकरण से जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!