चमोली में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम संदीप तिवारी का बड़ा एक्शन, दो सहायक अभियंताओं पर गिरी गाज, निलंबन के निर्देश

Web Editor
3 Min Read

चमोली में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम संदीप तिवारी का बड़ा एक्शन, दो सहायक अभियंताओं पर गिरी गाज, निलंबन के निर्देश

चमोली : में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यो को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को चारधाम यात्रा से पहले नेशनल हाईवे पर सभी चिन्हित अतिक्रमण को हटाने और हाईवे से मलबे का निर्धारित डम्पिंग जोन में निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही, खराब सड़क होने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्थाओं की होगी और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ कडी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान लोनिवि कर्णप्रयाग और लोनिवि थराली केसहायक अभियंताओं ने दुर्घटना स्थल पर सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण करने की गलत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने इसके लिए पटवारी को मौके पर भेजकर भौतिक सत्यापन करवाया, जिसमें दोनों सहायक अभियंताओं की गलती सामने आई। जिलाधिकारी ने दोनों सहायक अभियंताओं का स्पष्टीकरण तलब करते हुए विभागीय स्तर से उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि मजिस्ट्रेटी जांच और संयुक्त निरीक्षण में दुर्घटना वाले स्थानों पर जो भी कमियां हैं, उनको तत्काल दूर किया जाए। साथ ही, सुरक्षित यातायात के लिए संकरे मार्ग, भूस्खलन क्षेत्र एवं अन्य संवेदनशील स्थानों, आबादी और विद्यालय वाले क्षेत्रों में क्रैश बैरियर और साइनेज लगाए जाएं।

जिलाधिकारी ने एसडीएम, पुलिस एवं परिवहन विभाग को सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों, ओवर स्पीड, ओवरलोडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग करते हुए चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि सितंबर से दिसंबर माह में 20 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिसमें 14 लोगों की मृत्यु हुई है। पुलिस विभाग द्वारा चार महीनों में 6042 वाहनों के चालान किए गए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अभिषेक गुप्ता, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ज्योति शंकर मिश्र सहित सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *