नंदप्रयाग में बनेगा हाईटेक तहसील भवन, डीएम ने गुणवत्ता और सुविधाओं पर दिया जोर
चमोली। नंदप्रयाग में निर्माणाधीन आधुनिक तहसील भवन एवं आवासीय परिसर का जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों के पालन तथा तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
लगभग 265.34 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे जी+1 (भूतल एवं प्रथम तल) तहसील भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने उनकी उपयोगिता और कार्यात्मक आवश्यकताओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूतल पर प्रस्तावित नायब तहसीलदार कक्ष, तहसीलदार कक्ष, कोर्ट रूम, खतौनी कक्ष, आरके रूम, रिकॉर्ड रूम और लॉकर रूम का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। वहीं प्रथम तल पर प्रशासनिक कक्ष, उपजिलाधिकारी कक्ष, पेशकार कक्ष, एसडीएम न्यायालय एवं मीटिंग हॉल का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि तहसील भवन में आने वाले आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और नागरिक-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन को दिव्यांगजन अनुकूल बनाने के लिए रैंप, सुगम पहुंच और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
रिकॉर्ड प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने स्टोर एवं रिकॉर्ड रूम को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा भवन में लिफ्ट स्थापना का कार्य भी निर्माण के साथ ही पूरा करने को कहा, ताकि कर्मचारियों और आमजन को बेहतर सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन तहसील आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया। लगभग 236.50 लाख रुपये की लागत से बन रहे आवासीय परिसर में चार टाइप-1, चार टाइप-2, एक टाइप-3 और एक टाइप-4 आवासीय क्वार्टर शामिल हैं। उन्होंने निर्माण की गति बढ़ाने और सभी कार्य जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग आल्हा दिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



