पीपलकोटी टनल हादसा: छठे दिन सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा, 10 श्रमिकों की मौत
चमोली। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद पिछले छह दिनों से चल रहा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान मंगलवार को पूरा हो गया।

अभियान के दौरान आज दो और श्रमिकों के शव बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
हादसे के पहले दिन टनल के अंदर फंसे 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया था। इनमें से दो घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
प्रशासन के अनुसार अब टनल के अंदर कोई श्रमिक लापता नहीं है और किसी के मिसिंग होने की सूचना भी नहीं है। इसके साथ ही सर्च एवं रेस्क्यू अभियान को समाप्त कर दिया गया है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार के स्तर से मजिस्ट्रेट जांच कराई जा रही है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि प्रशासन की निगरानी में अब टीएचडीसी और एसीसी कंपनी की ओर से टनल के अंदर जमा मलबे को हटाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और सीआईएसएफ की टीमों ने लगातार अभियान चलाया। हादसे के पहले दिन जिलाधिकारी के निर्देश पर सेना और आईटीबीपी की मदद भी ली गई थी। सभी सुरक्षा एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ अभियान को पूरा किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटनास्थल पहुंचकर निर्माणाधीन टनल का निरीक्षण किया था। इसके बाद प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान को युद्धस्तर पर संचालित किया। गढ़वाल आयुक्त और पुलिस के उच्च अधिकारी भी लगातार पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समय-समय पर सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। वहीं, मृतकों के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश भी गढ़वाल आयुक्त की ओर से टीएचडीसी और एसीसी कंपनी को दिए गए हैं।







