बारिश का कहर: नारायणबगड़ PHC की दीवार गिरने से प्रभारी चिकित्साधिकारी की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

Web Editor
2 Min Read

बारिश का कहर: नारायणबगड़ PHC की दीवार गिरने से प्रभारी चिकित्साधिकारी की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

नारायणबगड़/चमोली।

जिले में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। शनिवार को नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र PHC में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां अस्पताल परिसर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी 45 गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवलधार गोपेश्वर निवासी डॉ. नवीन डिमरी वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में प्रभारी चिकित्साधिकारी के पद पर तैनात थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते अस्पताल परिसर की एक पुरानी दीवार अचानक क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। उसी दौरान डॉ. डिमरी वहां मौजूद थे और मलबे की चपेट में आ गए।

घटना के तुरंत बाद अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद डॉ. डिमरी को मलबे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और तुरंत उप चिकित्सालय कर्णप्रयाग रेफर किया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के बावजूद भवनों की स्थिति की समय पर जांच नहीं की गई, जिससे यह हादसा हुआ।

- Advertisement -
Ad imageAd image

 

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *