आपदा के 9वें दिन भी तमक गांव में सर्च रेस्क्यू अभियान जारी, वाडिया संस्थान की टीम पहुंची
चमोली: तमक गांव में आई आपदा के नौ दिन बाद भी लापता बीआरओ जवान पंकज की तलाश लगातार जारी है। जवान की खोज के लिए रेस्क्यू टीमों के साथ अब डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर लगाया गया है। चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन और अन्य रेस्क्यू टीमें संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

इसी बीच वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान (WIHG), देहरादून की विशेषज्ञ टीम भी आज तमक गांव पहुंची। टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है। विशेषज्ञ क्षेत्र की भूगर्भीय परिस्थितियों, भूस्खलन, नदी के बहाव और आपदा से प्रभावित भूभाग का वैज्ञानिक अध्ययन कर रहे हैं।
वाडिया संस्थान की टीम आपदा के कारणों और क्षेत्र की भौगोलिक संवेदनशीलता का भी आकलन करेगी। वैज्ञानिक अध्ययन से रेस्क्यू अभियान के दौरान सामने आ रही भौगोलिक चुनौतियों को समझने और सर्च ऑपरेशन को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

आपदा के बाद पहाड़ी से भारी मलबा आने और नदी के तेज बहाव के कारण क्षेत्र में लापता जवान की तलाश लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। इसके बावजूद रेस्क्यू टीमें संभावित स्थानों पर पूरी गंभीरता के साथ अभियान चला रही हैं।
प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान में जुटी सभी टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में संपर्क और सड़क मार्गों को बहाल करने के प्रयास भी लगातार जारी हैं।
आपदा के नौ दिन बाद भी लापता बीआरओ जवान पंकज की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। परिजनों और स्थानीय लोगों को जवान के सुरक्षित मिलने की उम्मीद बनी हुई है।






