विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ की जाएगी

Web Editor
2 Min Read

विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ की जाएगी

पीपलकोटी | 01 जनवरी 2026 : विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) की टीबीएम साइट पर 30 दिसंबर 2025 की रात्रि को घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना को टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

31 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी चमोली गौरब कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत पंवार के द्वारा संयुक्त रूप से घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घटना के कारणों की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी चमोली ने प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक जानकारियाँ, तकनीकी विवरण और दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि तथ्यों के आधार पर टीबीएम साइट पर संचालित मोनोरेल प्रणाली के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित किया जा सके।

परियोजना प्रमुख अजय वर्मा ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा मानकों, वैधानिक प्रावधानों और मानक परिचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन किया जाए। घटना के बाद परियोजना की सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा की जा रही है और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटना में प्रभावित कुल 76 व्यक्तियों को प्राथमिक जांच और उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि पाँच कार्मिकों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। उनके इलाज और कल्याण की पूरी जिम्मेदारी टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा वहन की जा रही है।

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने दोहराया कि संस्था के लिए मानव जीवन और कार्यस्थल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी सुरक्षित, जिम्मेदार और पारदर्शी कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर राष्ट्र को समर्पित करने के लिए प्रतिबद्ध है ।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!