डीएम ने जोशीमठ में चल रहे निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

Web Editor
3 Min Read

 

डीएम ने जोशीमठ में चल रहे निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

कार्यों में तेजी लाने के दिए आवश्यक निर्देश

चारधाम यात्रा से पूर्व सड़कों को सुरक्षित करने पर जोर, शीघ्र शुरू होंगे सीवर–ड्रेनेज कार्य : जिलाधिकारी

चमोली, 06 जनवरी 2026 जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को जोशीमठ क्षेत्र का सघन दौरा कर वहां चल रहे पुनर्निर्माण एवं सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलकनंदा नदी तट पर मारवाड़ी पुल से विष्णुप्रयाग पुल तक निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार तथा मारवाड़ी क्षेत्र में संचालित स्लाइड स्थिरीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सिंचाई विभाग द्वारा लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही लगभग 230 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार को जोशीमठ की दीर्घकालिक सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्था को कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जीरोबैंड क्षेत्र में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उभर आई दरारों का भी सूक्ष्म परीक्षण किया। आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बीआरओ एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही उन्होंने राज्य आपदा प्रबंधन कंसलटेंट जोशीमठ को दैनिक एवं साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने जोशीमठ के भविष्य को लेकर जानकारी साझा करते हुए बताया कि जनवरी माह के भीतर क्षेत्र में सीवर एवं ड्रेनेज कार्यों के प्रारंभ होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद द्वितीय चरण में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से भूमि स्थिरीकरण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की भू-धंसाव घटना के बाद केंद्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से नगर को सुरक्षित एवं स्थायी बनाने की दिशा में ये योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के एई मनोज असवाल, जेई अमित लिंगवाल, संजय पुरोहित, राज्य आपदा प्रबंधन कंसलटेंट विवेक तिवारी, आशीष कौशिक सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!