निजमूला घाटी पहुंचे जिलाधिकारी, सड़क और पुल निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, झींझी पुल निर्माण नवंबर तक पूरा करने के निर्देश
चमोली । जिले की दूरस्थ निजमूला घाटी में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बिरही-निजमूला सड़क और निर्माणाधीन निजमूला-पाणा सड़क का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बिरही-निजमूला मार्ग पर भूस्खलन से प्रभावित काली चट्टान क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने ब्रिडकुल अधिकारियों को सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने और स्थायी समाधान के लिए ठोस योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि घाटी के ग्रामीणों को बार-बार होने वाली समस्याओं से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
ब्यारा गांव के ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने बाजार क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद उन्होंने निजमूला-पाणा सड़क पर निर्माणाधीन झींझी पुल का निरीक्षण किया। पीएमजीएसवाई अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि मानव संसाधन बढ़ाकर हर हाल में नवंबर माह तक पुल निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।
वन विभाग के आवास गृह में आयोजित बैठक के दौरान घाटी के ग्रामीणों ने दुर्मी ताल के पुनर्निर्माण, पर्यटन गतिविधियों के विकास, सड़क, शिक्षा, दूरसंचार और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, तहसीलदार दीप्ति शिखा, आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी, लोनिवि अधिशासी अभियंता तनुज कम्बोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।



