बद्रीनाथ चढ़ावा मामले में बड़ी कार्रवाई: अध्यक्ष के निलंबित निजी सचिव प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज,अब उठे बड़े सवाल

Web Editor
3 Min Read

बद्रीनाथ चढ़ावा मामले में बड़ी कार्रवाई: अध्यक्ष के निलंबित निजी सचिव प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज,अब उठे बड़े सवाल

देहरादून/चमोली।

बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में अब कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है। अध्यक्ष के निलंबित निजी सचिव (पर्सनल असिस्टेंट) प्रमोद नौटियाल के खिलाफ थाना बद्रीनाथ में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 और धारा 316(5) के तहत दर्ज हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और पूरे प्रकरण की गहन पड़ताल की जा रही है।

गौरतलब है कि बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने पहले ही प्रमोद नौटियाल को चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोप में निलंबित कर दिया था। बताया जा रहा है कि उन्हें मंदिर के महत्वपूर्ण कार्यों, खासकर चढ़ावे की व्यवस्था और प्रोटोकॉल काउंटर से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।

सबसे बड़ा सवाल अब यही उठ रहा है कि आखिर मंदिर समिति के देहरादून कार्यालय से प्रमोद नौटियाल को बद्रीनाथ धाम में किसके निर्देश पर लाया गया? और उसके बाद उन्हें मंदिर के इतने महत्वपूर्ण कार्यों—विशेषकर चढ़ावे की व्यवस्था और प्रोटोकॉल काउंटर—की जिम्मेदारी किसके द्वारा सौंपी गई? यह सवाल पूरे मामले को और गंभीर बनाते हैं और जांच की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकते हैं।

वहीं, इस पूरे प्रकरण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने मामले की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति के अध्यक्ष आयुक्त गढ़वाल मंडल होंगे। समिति में पूर्व डीएम चमोली/प्रबंध निदेशक, एनएचएम संदीप तिवारी तथा कार्यालय महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

मामला सामने आने के बाद से प्रशासन और सरकार की नजर इस पूरे प्रकरण पर बनी हुई है। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जांच में इन सवालों के जवाब सामने आएंगे और पूरे मामले की परतें खुल सकती हैं।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *