महिलाओं ने उठाया झाड़ू, स्वच्छता की मुहिम में जुड़ता गया गांव
बंड क्षेत्र के रैतोली गांव की महिलाओं ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
चमोली । विकासखंड दशोली के बंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रैतोली में शुक्रवार को महिलाओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। महिलाओं की इस पहल को ग्रामीणों का भी सहयोग मिला और अभियान को देखते हुए लोग स्वयं इस मुहिम से जुड़ते चले गए।
महिलाओं ने श्रमदान करते हुए गांव के प्राकृतिक पेयजल स्रोतों और संपर्क पैदल मार्गों की साफ-सफाई की। इस दौरान रास्तों पर उगी झाड़ियों को हटाने के साथ ही जगह-जगह एकत्रित कूड़े का निस्तारण किया गया। महिलाओं ने कहा कि स्वच्छ गांव और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने स्वच्छता की इस मुहिम को आगे भी समय-समय पर जारी रखने की बात कही।
महिलाओं की इस पहल से ग्रामीणों में भी स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश गया। अभियान के दौरान जिस किसी ने भी महिलाओं को श्रमदान करते देखा, वह उनके साथ सफाई अभियान में शामिल होता गया।
इस मौके पर ग्राम प्रधान आशा देवी, सरस्वती देवी, शबीना देवी, कलावती देवी, रंजना देवी, लक्ष्मी देवी, चंद्रकला देवी, भावना देवी, पूजा देवी, सरोजनी, हिमानी, राजी देवी, लक्की, पूनम, भुवना देवी, सरोजनी, प्रेमा देवी, सतेश्वरी देवी, मुन्नी देवी, सुलोचना, सरिता देवी, अक्षिता, अर्पणा, सावित्री देवी, पुष्पा, सरोजनी, पवित्रा देवी आदि मौजूद रहीं।





