मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का औचक निरीक्षण, डालनवाला थानेदार ड्यूटी से नदारद मिलने पर लाइन हाजिर

Web Editor
3 Min Read

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का औचक निरीक्षण, डालनवाला थानेदार ड्यूटी से नदारद मिलने पर लाइन हाजिर

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानेदार के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा जैसे संवेदनशील दायित्वों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य है और ऐसे मामलों में सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

विभिन्न बैठकों के उपरांत मुख्यमंत्री अचानक पुलिस स्टेशन पहुंचे, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उन्होंने थाने की संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया और मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने में आए शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

 

उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिकता न समझते हुए जिम्मेदारी के साथ दर्ज किया जाए तथा उनका त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क पर भी पहुंचे और महिला फरियादियों से बातचीत की। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताते हुए किसी भी प्रकार की ढिलाई पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण कर दर्ज मामलों की प्रगति, फॉलोअप और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक कर्मी की जवाबदेही तय की जाए।

थाने के बंदी गृह में गंदगी और अव्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की और तत्काल साफ-सफाई व मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने की स्थिति शासन-प्रशासन की कार्य संस्कृति को दर्शाती है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने वाहन जांच अभियान, वेरिफिकेशन ड्राइव और अपराध नियंत्रण से जुड़ी कार्रवाइयों की समीक्षा की। क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए उन्होंने विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून मौके पर पहुंचे और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा हर अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। जनसेवा में लापरवाही, अनुशासनहीनता और संवेदनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित में सख़्त से सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!