बद्रीनाथ धाम में हादसा: तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की मौत, 108 डुबकी लगाने की बात सामने आई
चमोली। बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह तप्त कुंड में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तप्त कुंड में स्नान करने गई दो बुजुर्ग महिला यात्रियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 71 वर्षीय रामू देवी पत्नी अमर चन्द्र शर्मा और 63 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी मदन के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के भीलवाड़ा की रहने वाली थीं।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के भीलवाड़ा से करीब 100 लोगों का दल 4 सितंबर को बद्रीनाथ धाम में भागवत कथा करने के लिए पहुंचा था। बताया जा रहा है कि यह दल प्रतिदिन तप्त कुंड में स्नान करने जाता था। शुक्रवार सुबह भी दल के पांच लोग तप्त कुंड में स्नान के लिए पहुंचे थे। इनमें अमर चन्द्र शर्मा, उनकी पत्नी रामू देवी, प्रेमा देवी, भगवती देवी और सोहनी देवी शामिल थीं।
बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान इन लोगों ने तप्त कुंड में 108 डुबकी लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान जल्दी-जल्दी डुबकी लगाने के कारण ऑक्सीजन की कमी होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान रामू देवी और प्रेमा देवी कुंड के अंदर बेहोश हो गईं और उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। 108 डुबकी लगाने और ऑक्सीजन की कमी को हादसे का कारण बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।





