चारधाम यात्रा के बीच अलर्ट: चमोली में भेरन पानी-भूस्खलन जोनों का DM-SP ने किया निरीक्षण!

Web Editor
2 Min Read

चारधाम यात्रा के बीच अलर्ट: चमोली में भेरन पानी-भूस्खलन जोनों का DM-SP ने किया निरीक्षण!

पीपलकोटी के पास संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा, एनएच को तत्काल कार्य पूर्ण करने के निर्देश; कमेड़ा से बद्रीनाथ धाम तक डेंजर जोनों में पुलिस तैनात

चमोली: चारधाम यात्रा जारी रहने के बीच चमोली प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में नजर आ रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा मार्ग पर स्थित संवेदनशील भूस्खलन जोनों का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने पीपलकोटी के पास स्थित भेरन पानी भूस्खलन जोन का गहन निरीक्षण किया। यह क्षेत्र यात्रा मार्ग का एक प्रमुख डेंजर जोन माना जाता है, जहां लगातार निगरानी और त्वरित कार्यवाही की आवश्यकता रहती है। इसके अलावा डीएम और एसपी ने अन्य भूस्खलन संभावित स्थलों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्था एनएच (नेशनल हाईवे) को सख्त निर्देश दिए कि सभी जरूरी मरम्मत और सुरक्षा कार्य बिना देरी के पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी यात्री वाहन को दिक्कत नहीं होनी चाहिए और मार्ग हर समय सुचारू बना रहना चाहिए।

वहीं एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि चमोली जिले की सीमा कमेड़ा से लेकर बद्रीनाथ धाम तक हाईवे पर चिन्हित सभी डेंजर जोनों में पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। इन स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट से लेकर आपदा प्रबंधन तक सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि चल रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और बाधारहित बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी और तैयारियां लगातार जारी हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!