बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामला: एसआईटी की तीसरी बड़ी कार्रवाई, जेपी कंपनी का लाइजनिंग अधिकारी गिरफ्तार
चमोली: श्री बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के बहुचर्चित मामले में एसआईटी ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरी गिरफ्तारी कर ली है। इस मामले में जेपी कंपनी के लाइजनिंग अधिकारी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार, पुत्र स्व. स्वरूप चंद, वार्ड नंबर 03, नूरपुर, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) का निवासी है। बताया जा रहा है कि मनोज कुमार का बद्रीनाथ मंदिर में अक्सर आना-जाना रहता था और वह कई बार चढ़ावा गिनने की प्रक्रिया में भी बैठता था।

एसआईटी जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में मनोज कुमार को चढ़ावे में आई बेशकीमती वस्तुओं को उठाते हुए साफ तौर पर देखा गया है। इसी आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
एसआईटी अब मामले में अन्य संभावित आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई के बाद मंदिर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है।



