BKTC के अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग पर CM का सकारात्मक आश्वासन, उच्च स्तरीय बैठक में रखा जाएगा मामला
मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात, वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को जगी उम्मीद
उत्तराखंड। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) में वर्षों से अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारियों की मांगों को लेकर एक बार फिर पहल की गई है। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर कर्मचारियों के प्रकरण पर वार्ता की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में सकारात्मक आश्वासन देते हुए प्रकरण को जल्द निस्तारित करने की बात कही है। साथ ही, मामले को आगामी उच्च स्तरीय बैठक में रखे जाने का निर्णय लिया गया है।

ऋषि प्रसाद सती के अनुसार, मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कपरवाण और बोर्ड के सभी सम्मानित सदस्यों की ओर से अस्थायी कर्मचारियों की मांगों को लेकर समय-समय पर मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों के समक्ष पैरवी की जाती रही है। मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस विषय को प्रमुखता से रखा गया है।
उन्होंने बताया कि आज मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान कर्मचारियों की मांगों और उनके प्रकरण के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद लंबे समय से अपनी मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों में उम्मीद जगी है।
कर्मचारियों के हितों को लेकर बोर्ड गंभीर
मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि वर्षों से सेवाएं दे रहे अस्थायी कर्मचारियों के हितों का विषय मंदिर समिति के पूरे बोर्ड ने गंभीरता से उठाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी उच्च स्तरीय बैठक में इस मामले पर चर्चा होने के बाद कर्मचारियों की मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल, कर्मचारियों को मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन और आगामी उच्च स्तरीय बैठक में प्रकरण रखे जाने के निर्णय से समाधान की उम्मीद है। हालांकि, नियमितीकरण या अन्य मांगों पर अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है।




