देहरादून: होमस्टे पंजीकरण के नाम पर पैसे मांगने का वीडियो वायरल,जिला पर्यटन विकास अधिकारी वृजेश पांडे निलंबित
देहरादून। जिला पर्यटन विकास अधिकारी वृजेश पांडे को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के आधार पर की गई है, जिसमें उन पर होमस्टे पंजीकरण के नाम पर पैसे की मांग करने के आरोप लग रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने तुरंत कार्रवाई की और प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पांडे को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निलंबन अवधि के दौरान वृजेश पांडे का मुख्यालय देहरादून ही रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
पहले भी लगते रहे हैं आरोप
बताया जा रहा है कि जब वृजेश पांडे चमोली जिले में तैनात थे, तब भी उन पर और उनकी टीम पर ऐसे ही आरोप कई बार लगे थे। उस समय ये मामले ज्यादा सामने नहीं आ पाए थे, लेकिन अब देहरादून में वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई से उन बातों को भी कहीं न कहीं सही माना जा रहा है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



