चारधाम यात्रा 2026 को लेकर चमोली में मंथन, एडीजी अंशुमान ने तैयारियों का लिया जायजा
गोपेश्वर (चमोली): आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के अंतिम दिन गोपेश्वर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और मंदिर समिति के साथ समन्वय बनाते हुए यात्रा प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति तय की।
एडीजी ने पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के साथ ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति की ओर से उनका पारंपरिक स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इसके बाद उन्होंने रुद्रनाथ-गोपीनाथ मंदिर समिति, स्थानीय पुजारियों, तीर्थ पुरोहितों, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चारधाम एवं रुद्रनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अहम सुझाव
बैठक में मंदिर समिति ने यात्रा को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिन पर एडीजी ने गंभीरता से संज्ञान लिया। प्रमुख बिंदु इस प्रकार रहे:
- गोपीनाथ मंदिर दर्शन बढ़ाने पर जोर: केदारनाथ की ओर से आने वाले यात्रियों को मंदिर मार्ग के माध्यम से गोपीनाथ मंदिर तक पहुंचाने का सुझाव, ताकि अधिक श्रद्धालु दर्शन कर सकें।
- पार्किंग व्यवस्था में सुधार: नगर क्षेत्र में जाम की समस्या से निपटने के लिए बड़े वाहनों को मुख्य बाजार से बाहर निर्धारित स्थानों पर पार्क कर श्रद्धालुओं को पैदल भेजने तथा छोटे वाहनों के लिए श्योरा मैदान में पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव।
- रुद्रनाथ यात्रा में गाइड अनिवार्य करने की मांग: दुर्गम पैदल ट्रैक होने के कारण बाहरी श्रद्धालुओं के लिए स्थानीय गाइड की अनिवार्यता सुनिश्चित करने का सुझाव, जिससे भटकने की घटनाओं पर रोक लग सके।
प्रशासन के साथ समन्वय बैठक

एडीजी ए.पी. अंशुमान ने जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी गौरव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश से शिष्टाचार भेंट कर चारधाम यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज भट्ट, सचिव शांति प्रसाद भट्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष नेगी, उपाध्यक्ष हरीश भट्ट, कोषाध्यक्ष किशन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ पत्रकार क्रांति भट्ट सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


