चारधाम यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन

Web Editor
3 Min Read

         चारधाम यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन

चमोली : जिला प्रशासन आगामी चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं में जुट गया है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने शनिवार को यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े समस्त अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि विगत यात्रा अनुभव एवं यात्राकाल की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आगामी यात्रा को सुगम बनाने हेतु व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाए।

फोटो : ज़िला सभागार में बैठक लेते जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं को ठीक करने के लिए सभी संबंधित विभाग अपना प्रस्ताव दें। उन्होंने कहा कि जिले स्तर से जो काम हो सकते हैं, उनको तत्काल शुरू किया जाए और जो बड़े कार्य होने हैं उनके लिए आंगणन तैयार किया जाए ताकि बड़े कार्यों के लिए शासन स्तर से स्वीकृति ली जा सके।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने एनएचआईडीसीएल, बीआरओ, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर सिकिंग एवं स्लाइड जोन पर ट्रीटमेंट कार्यों को यात्रा से पहले पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि कमेडा, नंदप्रयाग, पागल नाला के ट्रीटमेंट और मलवा निस्तारण कार्यों को प्राथमिकता पर ठीक करें।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सभी वैकल्पिक मार्गों का सुधारीकरण के साथ स्लाइड जोन को भी ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि कर्णप्रयाग-कालेश्वर, नंदप्रयाग-कोठियासैंण और चमोली-छिनका-पीपलकोटी वैकल्पिक मोटर मार्गों का सुधारीकरण एवं चौडीकरण किया जाए।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने गोपेश्वर-मंडल-चोपता मोटर मार्ग, कर्णप्रयाग-पोखरी और ग्वालदम-सिमली-कर्णप्रयाग मोटर मार्गों पर स्थित स्लाइड जोन, वोटलनेक प्वाइंट को ठीक कराने के साथ अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोपेश्वर नगर क्षेत्र में नालियों को ठीक करने के साथ जाली लगाकर सड़क को चौड़ा बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने बद्रीनाथ में विद्युत के सब स्टेशन के लिए पांडुकेश्वर से बद्रीनाथ विद्युत लाइन बिछाने के लिए विद्युत विभाग को बीआरओ के साथ संयुक्त निरीक्षण कर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान को बद्रीनाथ में पेयजल व्यवस्था एवं सीवरेज सिस्टम को ठीक करने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *