कर्णप्रयाग-पोखरी में मिले तांबा, सीसा और जस्ता के भंडार…
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने की समीक्षा बैठक, प्रस्तावित क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण के लिए संयुक्त समिति गठित
चमोली। जनपद चमोली में महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। खान मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया के तहत कर्णप्रयाग और पोखरी क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI), राज्य इकाई देहरादून की ओर से इन क्षेत्रों में किए गए अन्वेषण के दौरान तांबा, सीसा और जस्ता के भंडार पाए गए हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित खनिज क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, स्थलीय निरीक्षण, विभागीय समन्वय और नीलामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
स्थलीय निरीक्षण के लिए संयुक्त समिति गठित
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित खनिज क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए राजस्व, वन, सिंचाई, भूतत्व एवं खनिकर्म, आपदा प्रबंधन सहित संबंधित विभागों की संयुक्त समिति का गठन किया गया है। समिति को प्रस्तावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक बिंदुओं का परीक्षण करने और जल्द अपनी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, वन एवं राजस्व से जुड़े पहलुओं, सिंचाई व्यवस्था, आपदा संवेदनशीलता समेत अन्य आवश्यक बिंदुओं का परीक्षण किया जाएगा। समिति की रिपोर्ट के आधार पर नीलामी प्रक्रिया से संबंधित अग्रिम कार्रवाई को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
जिले के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे खनिज भंडार
कर्णप्रयाग और पोखरी क्षेत्र में तांबा, सीसा और जस्ता जैसे महत्वपूर्ण खनिजों के भंडार मिलने के बाद इन क्षेत्रों की खनिज संपदा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक नीलामी प्रक्रिया के तहत अब इन चिन्हित क्षेत्रों का स्थलीय सत्यापन और संबंधित विभागों की रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्थलीय निरीक्षण और रिपोर्ट की कार्रवाई निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि नीलामी प्रक्रिया से संबंधित अग्रिम कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में जिला खान अधिकारी अंकित चंद, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी, उप प्रभागीय वनाधिकारी जुगल किशोर, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग सुरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






