हरीश चमोली बने भाजपा प्रदेश मीडिया सम्पर्क विभाग के प्रभारी, संगठन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
देहरादून, उत्तराखंड।
भारतीय जनता पार्टी ने हरीश चमोली को प्रदेश मीडिया सम्पर्क विभाग का प्रभारी नियुक्त किया है। संगठन ने इसे मीडिया और पार्टी के बीच बेहतर समन्वय के लिए अहम फैसला बताया है।
नियुक्ति के बाद हरीश चमोली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संगठन नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य पार्टी की नीतियों, सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को सही और प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना होगा। इसके साथ ही मीडिया और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी काम किया जाएगा।
हरीश चमोली ने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से वह संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।
वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है और इसे संगठन के लिए अच्छा निर्णय बताया है।



