चारधाम यात्रा के लिए चमोली पुलिस को मिली बड़ी राहत, आपदा प्रबंधन विभाग ने सौंपी दो क्रेन
चमोली । चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन विभाग ने शनिवार को चमोली पुलिस को दो क्रेन सौंपीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने हरी झंडी दिखाकर इन क्रेनों को यात्रा मार्ग के लिए रवाना किया।

इन क्रेनों के संचालन से यात्रा मार्ग पर खराब हुए, फंसे या गलत तरीके से खड़े वाहनों को तुरंत हटाया जा सकेगा। इससे यातायात बाधित होने की समस्या में कमी आएगी और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन के कैपेसिटी बिल्डिंग मद से इन क्रेनों की खरीद की गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में क्रेन की उपलब्धता न होने के कारण सड़क पर खराब हुए वाहनों को हटाने में पुलिस और प्रशासन को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इन क्रेनों के माध्यम से इस समस्या का प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा।
इस मौके पर आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत, एएसआईएमटी मनोज भण्डारी तथा अब्बल सिंह खत्री सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



